नोएडा (संवाद)। सेक्टर-50 स्थित रमाग्या स्कूल में शनिवार को यूपी स्टेट कुन बोकाटोर चैंपियनशिप आयोजित हुई। इसमें चार जिलों की टीमों ने हिस्सा लिया। गौतमबुद्धनगर की टीम ने ओवरऑल प्रथम स्थान हासिल किया। टीम ने चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की। गाजियाबाद की टीम दूसरे और मेरठ की टीम तीसरे स्थान पर रही। कुन बोकाटोर एसोसिएशन गौतमबुद्धनगर की ओर से प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसका उद्देश्य कंबोडिया की पारंपरिक मार्शल आर्ट कुन बोकाटोर को बढ़ावा देना है। साथ ही जिले और प्रदेश की प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना है। आयोजकों के अनुसार, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय कुन बोकाटोर चैंपियनशिप में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा।