ग्रेटर नोएडा (संवाद)। बादलपुर ट्रस्ट की ओर से मोहनकुंज, रेलवे रोड पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में दादरी स्थित शैफाली पब्लिक स्कूल की छात्रा गौरवी ने सीनियर वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में 32 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर अपने विचार और तर्क क्षमता का प्रदर्शन किया।गौरवी की उपलब्धि पर विद्यालय में खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्या शिल्पा सिंह ने छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में तार्किक सोच, आत्मविश्वास और प्रभावशाली ढंग से अपनी बात रखने की क्षमता विकसित करती हैं। उन्होंने गौरवी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस उपलब्धि में विद्यालय के हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष अमिता नारायण और अध्यापिका सिंपल का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने गौरवी को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।