- एक दूसरे को होली के पर्व की दीं शुभकामनाएं, आपस में सहयोग का भरोसा दिया
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। इसी बुधवार को जिला न्यायालय में हुई कथित धक्का-मुक्की की घटना के बाद सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता और भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया जिला बार एसोसिएशन के होली मिलन समारोह में शामिल हुए। शुक्रवार को बार एसोसिएशन कार्यालय में आयोजित समारोह में दोनों पक्ष शिकवे भूलकर एक दूसरे के गले लगे। दोनों ने सहयोग करने का भरोसा दिया है।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश भाटी ने बताया कि गौरव भाटिया ने भरोसा दिया है कि वह सुप्रीम कोर्ट में इस प्रकरण में अब कोई आगे कदम न बढ़ाने की बात कहेंगे। जो भी कथित प्रकरण हुआ है उसे अब आगे और बढ़ाया नहीं जाएगा। जहां तक शीर्ष अदालत के नोटिस का मामला है वह तय तारीख पर हाजिर होकर जवाब दाखिल करेंगे। वहीं बार एसोसिएशन के सचिव धीरेंद्र भाटी ने कहा कि होली मिलन समारोह में गौरव भाटिया का अभिनंदन किया गया। दोनों पक्षों के बीच कोई गलतफहमी नहीं है। समारोह में आए गौरव भाटिया ने पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं से गले मिले और होली की शुभकामनाएं दीं।
अध्यक्ष उमेश भाटी ने कहा कि जहां तक अदालत का वीडियो फुटेज संरक्षित करने का सवाल है तो यह अदालत का अपना न्यायिक अधिकार है। इसमें वह कुछ टिप्पणी नहीं कर सकते हैं। अहम है कि 20 मार्च को जिला अदालत में न्याय कार्य से विरत रहने के दौरान सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता गौरव भाटिया किसी मामले के संबंध में जिला अदालत पहुंचे थे। उसी दौरान स्थानीय अधिवक्ताओं के साथ उनका कथित विवाद हो गया था।