नोएडा के फेज टू स्थित गारमेंट फैक्टरी में सोमवार शाम भीषण आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री में अफरातफरी मच गई। हादसे के वक्त फैक्टरी में करीब 400 कर्मचारी मौजूद थे। आग की भयावहता को देखते हुए नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़ और मेरठ के 30 दमकल वाहन मौके पर भेजे गए हैं। देर रात तक पुलिस व अग्निशमन विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी थी। मौके पर सर्च अभियान भी चलाया जा रहा है।
फेज टू स्थित सेक्टर-81 की गारमेंट फैक्टरी में सोमवार शाम को करीब तीन से चार सौ लोग काम कर रहे थे। अचानक फैक्टरी के एक हिस्से में आग लग गई। फैक्ट्री में कपड़े समेत अन्य ज्वलनशील पदार्थ रखे होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की सूचना पर कोतवाली फेज टू पुलिस व अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। तेजी से बढ़ती आग को देखते हुए गौतमबुद्घ नगर के अलावा मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़ से कुल 30 दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। देर रात तक आग बुझाने का काम जारी था। कमिश्नरेट मीडिया सेल के मुताबिक आग लगने का प्राथमिक कारण शॉर्ट सर्किट लग रहा है। अभी तक इसमें किसी के फंसे होने की जानकारी नहीं है।
आसपास की फैक्ट्रियों को खाली कराया
गारमेंट फैक्ट्री में आग इतनी तेजी से फैलने लगी कि आसपास की फैक्ट्रियां भी इसके जद में आने लगी। पुलिस ने आसपास की फैक्ट्रियों को खाली करा दिया। फिर अग्निशमन विभाग की टीम ने आसपास की फैक्ट्रियों की तरफ से आग रोकने का काम भी शुरू किया गया।