सोसायटी में कुत्तों के आतंक से लोग परेशान
- फोटो : अमर उजाला
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। नोएडा की गार्डेनिया गेटवे सोसायटी में कुत्ते के हमलों के बढ़ने के बाद लोगों ने स्थानीय पुलिस से शिकायत कर मदद मांगी है। सोसायटी के परिसर, पार्क, पार्किंग या फिर बेसमेंट में अचानक कुत्ते हमला कर देते हैं। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं। इन घटनाओं की वजह से सोसायटी में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।
नोएडा सेक्टर 75 स्थित गार्डेनिया गेटवे सोसायटी के लोगों ने पुलिस से शिकायत करते हुए कहा कि हम अपनी सोसायटी में जमा हुए आवारा कुत्तों से परेशान और आतंकित हैं। ये आवारा कुत्ते सोसायटी के छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर अचानक हमला कर देते हैं। इनमें से कई लोग हाल ही में गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। ये आवारा कुत्ते अब रोजाना स्थानीय लोगों को काटते हैं और बच्चों का पार्क में खेलना और महिलाओं और पुरुषों का अपनी सोसायटी के परिसर में टहलना मुश्किल हो रहा है।
हममें से कोई भी इन आवारा कुत्तों का दुश्मन नहीं है, लेकिन जब बात छोटे बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों या अपने परिवार के किसी सदस्य की जान जोखिम में डालने की आती है, तो कृपया हमें इन आवारा कुत्तों के आतंक से निपटने के लिए अपनाए जाने वाले तरीकों का निर्देश दें।
हमने कई बार विरोध किया और इन कुत्तों को यहां से भगाने का प्रबंध भी किया लेकिन नोएडा के तथाकथित कुत्ता प्रेमी सोसायटी में आकर हमें धमकाने लगे कि अगर हमने इन आवारा कुत्तों के साथ बुरा व्यवहार किया या इन्हें यहां से भगाया तो हमसे बुरा कोई नहीं होगा। सोसायटी के सभी निवासी बहुत ही भ्रमित और भयभीत हैं कि इस गंभीर और खतरनाक समस्या से कैसे निजात पाया जाए?
रिपोर्ट के मुताबित, हाल ही में रेडिकॉन वेदांतम सोसायटी में भी आवारा कुत्तों से लोग परेशान हैं। यहां सोसायटी के परिसर में कुत्तों ने तीन दिनों में पांच लोगों पर हमला किया। बीते शनिवार को दो महिलाओं को काट लिया था। वहीं इससे एक दिन पहले ही शुक्रवार को एक पुरुष की कमर पर कुत्ते ने हमला कर दिया था। परिसर के बेसमेंट में कुत्तों ने अपना अड्डा बना रखा है। ग्रेटर नोएडा में शिकायत के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं।