जहांगीरपुर (संवाद)। कांवड़ यात्रा शुरू होने के बाद भी मुख्य चौराहों पर गंदगी है। नगर पंचायत और प्रशासन के स्वच्छता दावों के बीच बस स्टैंड और पुल के पास रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं की ओर से कचरा फेंका जा रहा है। फल-सब्जी के अवशेष और दोने-पत्तल सड़क पर बिखरने से बदबू फैल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर प्रदेश सरकार स्वच्छ और सुरक्षित यात्रा के निर्देश दे रही है। दूसरी ओर चौराहे पर जमा कचरा व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि दुकानदारों को पूर्व में चेतावनी दी गई थी। अब गंदगी फैलाने वाले विक्रेताओं को चिह्नित कर उन पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।