गांव छारौड़ा में स्कूल गेट के पास लगा कचरे का ढेर
तावडू। स्वच्छता अभियान के तहत सरकार द्वारा विशेष अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है, लेकिन ग्राम पंचायतें इस बारे में उदासीन हैं। इसका अंदाजा ग्राम पंचायत छारौड़ा में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के गेट के पास लगे गंदगी के ढेर को देख कर लगाया जा सकता है। गंदगी से शिक्षक भी परेशान हैं, जो कई बार पंचायत से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। स्थानीय निवासी जमालुदीन, दीनू, इसलाम, शकील, रफीक, पूर्व पंच मोहम्मद हाशिम, पूर्व इंसपेक्टर हसन मोहम्मद व मुकीम का कहना है कि पंचायत द्वारा कचरा प्रबंधन की व्यवस्था नहीं किए जाने से यह समस्या है। गांव की सफाई एवं गांव के में जगह जगह लगे कचरे के ढेर हटाने के लिए ग्रामीणों ने कई बार पंचायत व पंचायत विभाग को अवगत कराया। सरपंच इरशाद का कहना है कि स्कूल गेट के पास आसपास के घरों ने गंदगी के ढेर लगा रखे हैं, जिन्हें कई बार गंदगी नहीं डालने के लिए कहा गया है। लेकिन वह गंदगी डालने से बाज नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही ऐसे लोगों के खिलाफ जिला उपायुक्त को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की जायेगी।