शाहबेरी... गैंगस्टर पर श्मशान पर कब्जे का आरोप, समाजसेवी लिख लगवाई होर्डिंग
- ट्विटर पर शिकायत मिलने पर पुलिस ने शुरू की जांच
- प्राधिकरण व प्रशासिनक अधिकारियों को भी अगवत कराया
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शाहबेरी में दो अवैध भवन गिरने से नौ लोगों की जान जाने के बाद गैंगस्टर में निरुद्ध किए गए आरोपी अनीस खान पर एक बार फिर श्मशान भूमि पर कब्जे का आरोप लगा है। वहीं, आरोपी ने ईद पर खुद को समाजसेवी बताया। ग्रेनो वेस्ट में समाजसेवी लिखी उसकी होर्डिंग भी लगी हुई है। अवैध कब्जे का आराेप लगाते हुए वीडियो व होर्डिंग फोटो ट्विटर पर शेयर कर इस मामले की शिकायत पुलिस-प्रशासनिक के अधिकारियों से की गई है। इसके बाद इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू की है। वहीं, ग्रेनो प्राधिकरण व प्रशासनिक अधिकारियों से भी जांच व कार्रवाई के लिए अवगत कराया गया है।
शाहबेरी में बरसात के दौरान 17 जुलाई 2018 को अवैध रूप से निर्माण किए गए दो बहुमंजिला भवन भरभराकर गिर पड़े थे। मलबे में दबकर भवन में रह रहे नौ लोगों की जान चली गई थी। इस हादसे के बाद शाहबेरी में बड़े स्तर पर अधिकारियों से मिलीभगत कर न्यायालय के स्थगनादेश के बावजूद अवैध निर्माण का खुलासा हुआ था। मुख्यमंत्री के आदेश पर बिल्डरों पर केस दर्ज किए गए थे। पुलिस ने उस दौरान आरोपियों पर गैंगस्टर के भी केस दर्ज किए थे। कई आरोपियों की संपत्ति भी गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत पर पुलिस जब्त कर चुकी है। लेकिन कई आरोपी इसके बावजूद अभी सांठ-गांठ के दम पर कार्रवाई से बचते रहे हैं। अब, बृहस्पतिवार को शाहबेरी का एक वीडियो ट्वीट कर शासन-प्रशासन व मुख्यमंत्री को टैग कर वायरल किया गया। इसमें बिल्डर अनीस खान पर श्मशान भूमि पर कब्जे का आरोप लगाया गया है।
यह मामला भूमि विवाद से संबंधित है। राजस्व विभाग व ग्रेनो प्राधिकरण से संपर्क व समन्वय स्थापित कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पूर्व में दर्ज गैंगस्टर आदि केसों की भी जांच कराई जाएगी।
रमेश चंद पांडेय, एसीपी सेंट्रल जोन