यमुना सिटी/रबूपुरा। किसान इस्माइल की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजन आक्रोशित हैं। उन्होंने शनिवार को रबूपुरा थाने का घेराव करने की घोषणा की है। पुलिस के जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन के बावजूद आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर हैं। सात नवंबर की रात रबूपुरा क्षेत्र के रुस्तमपुर गांव के जंगल में धान की रखवाली करते समय इस्माइल की हत्या कर दी गई थी। आठ नवंबर की सुबह उनके बेटे को खेत पर पिता का शव मिला था। मृतक के भाई शमशाद ने बताया कि पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिया, पर कोई नतीजा नहीं निकला। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने दो दिन में गिरफ्तारी का वादा भी पूरा नहीं किया। थाना प्रभारी श्याम बाबू शुक्ला का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।