ग्रेटर नोएडा। बिसरख क्षेत्र में कार सवार युवक से मोबाइल फोन छीनने की घटना सामने आई है। पीड़ित पार्थ परवाल निवासी निराला ग्रीनशायर सोसाइटी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 27 जुलाई की रात वह नोएडा सिटी सेंटर से अपनी कार से घर लौट रहे थे। सेक्टर-70 के पास 4-5 लोगों ने चारों ओर से उनकी कार घेर ली और खिड़कियां जोर-जोर से खटखटाने लगे। शीशा तोड़ने की धमकी देकर उन्होंने पीड़ित को खिड़की खोलने को मजबूर किया। जैसे ही खिड़की खुली, बदमाशों ने उलझाकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र ने बताया है कि मामले की जांच की जा रही है। ब्यूरो