नौकरी दिलाने के नाम पर तीन किशोरियों से साठ हजार ठगे
दादरी। कोतवाली क्षेत्र की तीन किशोरियों से नौकरी दिलाने के नाम पर 60 हजार की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो युवतियों ने नौकरी दिलाने के नाम पर 20-20 हजार रुपये लिए, लेकिन एक माह बाद भी नौकरी नहीं लगी। पैसे वापस मांगे तो धमकाकर भाग दिया गया। अब छात्राओं ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस के अनुसार, नई आबादी मोहल्ला निवासी निशी, अरसा और मुस्कान ने इस साल बारहवीं की पढ़ाई पूरी की है। तीनों सहेली हैं। आरोप है कि तीन अक्तूबर को दो युवती इनके घर पहुंची। दोनों ने तीनों किशोरी को नौकरी दिलाकर आत्मनिर्भर बनाने का लालच दिया। फिर तीनों से 20-20 हजार रुपये ले लिए। युवतियों ने रेलवे रोड पर अपना इंस्टीट्यूट बताया था। वहां पर ट्रेनिंग के लिए बुलाया। आरोप है कि इंस्टीट्यूट के मालिक ने प्रत्येक लड़की से तीन-तीन लड़कियों को जुड़वाने को कहा। उसके बाद 1500 रुपये का चेक प्रतिमाह देने की बात कही। शक होने पर पीड़ितों ने अपने रुपये वापस मांगे। आरोप है कि आरोपियों ने रुपये देने से इंकार कर दिया और धमकी देकर भगा दिया। प्रभारी निरीक्षक राजवीर सिंह चौहान ने बताया कि शिकायत पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।