निरमंड (कुल्लू)। श्रीखंड कैलाश की चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है। बर्फबारी होने से चोटियां चांदी सी चमक रही हैं। शुक्रवार को धूप खिलने से श्रीखंड महादेव की चोटियों का दृश्य मनमोहक था। मौसम में बदलाव आने से अब सुबह और शाम को ठंड बढ़ गई है। सेब बागवान बारिश होने से खुश हैं। बागवान देसराज, गोविंद, रुपेश, कैलाश और बादल का कहना है कि सेब के पौधों में उपज की गुणवत्ता के लिए खुराक डाली गई थी, वह बारिश से पिघल गई है। इससे पौधा नाइट्रोजन को स्टोर कर लेता है, जो अगले साल की फसल के लिए अहम रहता है। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश होने से तापमान में भी गिरावट आई है।