नोएडा (संवाद)। सेक्टर-62 में किराये पर मकान तलाश रहे कुणाल शरण से ऑनलाइन विज्ञापन के जरिये पांच हजार रुपये ठग लिए गए। हाउसिंग डॉट कॉम पर मकान किराये का विज्ञापन देखकर उसने संबंधित व्यक्ति से संपर्क किया था। आरोपी ने मकान दिलाने का भरोसा देकर 11 नवंबर को गूगल पे के माध्यम से पांच हजार रुपये एडवांस ले लिए। इसके बाद और रुपये मांगने लगा। पीड़ित ने अतिरिक्त रकम देने से मना कर रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया। थाना प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।