माल बेचने के नाम पर 29.39 लाख की धोखाधड़ी
- कंपनी मालिक के खिलाफ कोतवाली फेज वन में मुकदमा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। प्रदेश सरकार से ठेका लेकर काम करने वाली कंपनी के साथ दूसरी कंपनी ने धोखाधड़ी कर ली। आरोप है कि कंपनी मालिक ने 29.39 लाख रुपये हड़प लिए। मामले में कोतवाली फेज वन में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सेक्टर-99 स्थित मेसर्स सूर्या कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारी नवीन कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उनकी कंपनी उत्तर प्रदेश सरकार के ठेका लेती है। इस वक्त प्रदेश में कई स्थानों पर काम भी चल रहा है। कंपनी को बिजली के सामान की आवश्यकता थी। इसके लिए सेक्टर-9 स्थित मेसर्स एएन इलेक्ट्रिकल कंपनी के नितिन शर्मा से संपर्क किया। बातचीत के बाद नितिन ने व्हाट्सएप पर सामान की रेट लिस्ट भेज दी। जिसके अनुसार माल खरीदने का ऑर्डर दे दिया गया। पीड़ित का दावा है कि उन्होंने अपने बैंक खाते से नितिन शर्मा के बैंक खाते में करीब 74 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोप है कि भुगतान की गई धनराशि की एवज में नितिन शर्मा ने लगभग 45 लाख रुपये का ही माल भेजा। शेष 29 लाख रुपये का माल भेजने से इन्कार कर दिया। इस मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कोतवाली फेज वन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।