ब्लॉक पेटीएम खुलवाने के नाम पर 96 लाख निकाले
नोएडा। ब्लॉक पेटीएम खुलवाने के नाम पर एक शख्स के खाते से 96 लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने ऑनलाइन मुकदमा कोतवाली सेक्टर-20 में दर्ज कराया है। पुलिस ने मंगलवार को धोखाधड़ी व आईटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एफआईआर के मुताबिक, सेक्टर-31 निवासी संजय कुमार जैन के पास 9 अप्रैल 2020 को मोबाइल पर एसएमएस आया था, जिसमें बताया गया कि यह पेटीएम कस्टमर सेंटर का नंबर है। इस नंबर पर संजय ने फोन कर ब्लॉक पेटीएम को खुलवाने का अनुरोध किया। इसके बाद उसी नंबर से एक युवक का फोन संजय के पास आया। उसने पेटीएम खुलवाने के लिए एनी डेस्क एप डाउनलोड कर डेबिट कार्ड की फोटो और पांच रुपये जमा करने के लिए कहा। जब संजय ने डाउनलोड कर पांच रुपये जमा किए तो तीन ओटीपी आए। तीनों ओटीपी एनी डेस्क एप पर डाल दिया। शाम को उसी नंबर से दोबारा फोन आया और बोला गया कि 80 फीसदी काम पूरा हो गया है। थोड़ा काम बचा हुआ है उसे दूसरे खाता नंबर से करा लें। इसके बाद संजय ने दूसरे खाते से भी एनी डेस्क एप पर डेबिट कार्ड की फोटो व पांच रुपये डाल दिए। इसके बाद खाते से पैसे निकलने लगे। अगले दिन भी उसी नंबर से संजय के पास फोन आया और ओटीपी पूछने लगा। जब संजय ने ओटीपी देने से मना कर दिया तो आरोपी उधर से गालीगलौज करने लगा। शक होने पर पीड़ित ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और कोटक महिंद्रा बैंक में पता किया तो खाते से पांच बार में 96 लाख रुपये निकलने की जानकारी मिली। प्रभारी निरीक्षक आरके सिंह ने बताया कि मुकदमा ऑनलाइन दर्ज कराया गया है। अभी पीड़ित से मुलाकात नहीं हुई है। पूरी जानकारी लेने के बाद जांच शुरू कर दी जाएगी।