सेक्टर-8 स्थित कंपनी में बृहस्पतिवार को हुए हादसे में झुलसे थे कर्मी
नोएडा। सेक्टर-8 स्थित पेंट बनाने वाली कंपनी में केमिकल रिएक्शन के बाद हुए हादसे में झुलसे 10 श्रमिकों में से 4 की हालत गंभीर है। डॉक्टरों के मुताबिक इन चारों का शरीर 40 प्रतिशत से ज्यादा जला है। इनको इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग रेफर किया गया है। वहीं, दो श्रमिकों को शुक्रवार को जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। कंपनी में काम करने वाले अखिलेश ने बताया कि एक 30 लीटर की बाल्टी में थिनर डालकर पेंट को मिलाया जा रहा था तभी एक झाग की तरह गुब्बार उठा और वह धुएं की तरह फैलने लगा। पास में 15 से 20 श्रमिक काम कर रहे थे। यह देख 8-10 श्रमिक बाल्टी के पास पहुंचे और उसे कंपनी से बाहर निकालने लगे। जैसी ही बाल्टी को लेकर गेट तक पहुंचे में उसमें तेजी से ब्लास्ट हुआ और केमिकल 10 से 11 श्रमिकों के शरीर पर जा गिरा। इससे श्रमिक झुलस गए। ब्यूरो