ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर के चार खो-खो खिलाड़ी हरियाणा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने के आधार पर हुआ हैं। चयनित होने पर खिलाड़ियों का बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में सम्मानित किया गया। कुरुक्षेत्र में 31 जनवरी से 4 फरवरी तक बालक व बालिका सब-जूनियर वर्ग में 35वीं, राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में बालक वर्ग में कार्तिक और बालिका वर्ग में मनीषा, साक्षी और परी उत्तर प्रदेश की ओर से खेलती हुई दिखाई देंगी। खो खो स्पोर्ट्स प्रमोशन वेलफेयर एसोसिएशन गौतमबुद्ध नगर के सचिव अशोक नागर और प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने चारों खिलाड़ियों को बधाई दी। इस मौके पर श्यामेंद्र नागर, कृष्ण जीत नागर, भूपेंद्र सिंह, डॉ. परवीन कुमार, हेमंत शर्मा, अरुण शर्मा, नरेश चौधरी, नवनीत दुबे और सचिन शर्मा मौजूद रहे।