दिल्ली-एनसीआर में सौ से अधिक बाइक चुराने वाले गिरोह के चार बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने दस बाइक व वारदात में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस ने रविवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
आरोपियों की पहचान मथुरा निवासी करण व सलमान और अलीगढ़ निवासी अवनेश व पुष्पेंद्र के रूप में हुई है। नोएडा, दिल्ली, अलीगढ़ से लेकर मथुरा में करण के खिलाफ दस, सलमान के खिलाफ सात, अवनेश के खिलाफ पांच और पुष्पेंद्र के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं।
एडीसीपी अंकिता शर्मा ने बताया कि बदमाश शहरों से बाइक चुराकर ग्रामीण इलाकों में बेचते थे। आरोपियों का नेटवर्क यूपी, दिल्ली से लेकर हरियाणा तक है। इनकी सक्रियता मथुरा, अलीगढ़, नोएडा, पलवल, दिल्ली में ज्यादा थी। बदमाश बाइक के पार्ट्स काटकर कबाड़ियों व छोटे दुकानदारों को बेचते थे।