ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र में मारपीट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को हथियारों और घटना में प्रयुक्त कार सहित गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, अवैध चाकू, लोहे का सरिया, लकड़ी का बेसबॉल बैट और स्विफ्ट कार बरामद की गई। पीड़ित ने थाना दादरी में तहरीर दी थी।
आरोप था कि गांव जगनपुर, थाना दनकौर के कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज करते हुए वादी और उसके परिवार पर जानलेवा हमला किया। हमलावरों ने लाठी, डंडा, सरिया और अन्य घातक हथियारों से मारपीट की, जिससे कई लोग घायल हुए। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की।
सोमवार को सूचना के आधार पर पुलिस ने बीएमआईसी से बोडाकी की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भूपेन्द्र (38), हरेन्द्र (43), सुमित (24) और अजीत (37), निवासी गांव जगनपुर, थाना दनकौर के रूप में हुई।
भूपेन्द्र के कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ। हरेन्द्र के पास से एक अवैध चाकू मिला। घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार से एक लोहे का सरिया और लकड़ी का बेसबॉल बैट बरामद किया गया। बरामद स्विफ्ट कार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। घटना में शामिल तीन अन्य आरोपियों को पहले ही रविवार को गिरफ्तार किया जा चुका है।