खामोशी के साथ सियासी गोटियां बिछा रहें पूर्व जिलाधिकारी - लोकसभा चुनाव की तैयारी : वीडियो, बाॅयोडाटा और क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों से मिलने की कवायद तेज
सुशील पांडेय
नोएडा। मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी हुआ। जिसमें नोएडा एयरपोर्ट के लिए जमीन अधिग्रहण समेत बीते कई वर्षों में किए गए भागदौड़ की तस्वीरें हैं। वीडियो में गौतमबुद्ध नगर के पूर्व जिलाधिकारी बीएन सिंह का चेहरा बढ़ चढ़कर दिखाने की कोशिश की गई है। इसमें पूर्व जिलाधिकारी के कई गांवों के किए गए दौरों की फुटेज भी शामिल है। वीडियो से ऐसा लग रहा है मानों वह अपने कार्यों को गिनाते हुए जिले की जनता से कुछ कहना चाह रहे हों। हालांकि वीडियो में उनकी मंशा स्पष्ट तौर पर नहीं बताई गई है। माना जा रहा है कि वह आगामी लोकसभा चुनाव के लिए खामोशी के साथ सियासी गोटियां बिछा रहे हैं।
इससे पहले उनका बाॅयोडाटा भी सोशल मीडिया पर जारी किया गया था। जिसमें जिले में कराए गए हर कार्य गिनाए गए थे। इसके माध्यम से उनकी बेहतर और साफ छवि दर्शाने की कोशिश की गई थी। अहम यह है कि वीडियो की तरह बाॅयोडाटा में भी किसी तरह के चुनाव प्रचार या चुनाव लड़ने का जिक्र नहीं था।
यूपी सरकार के आलाधिकारियों में शामिल बीएन सिंह करीब-करीब हर माह क्षेत्र में आकर जनता से मिलते हैं। उनका हालचाल पूछते हैं और चले जाते हैं। जनता से क्यों मिलते हैं? इस बाबत कहीं कुछ भी सार्वजनिक तौर पर नहीं बोला जाता। लेकिन सूत्रों का कहना है कि पूर्व जिलाधिकारी आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपनी जमीन तलाशने की कोशिश में जुटे हैं। कोरोना काल के दौरान मुख्यमंत्री ने उनके खिलाफ नाराजगी भी व्यक्त की थी। इसके बाद उनका तबादला हुआ था।
उनके क्षेत्र में इस तरह से लगातार आने और सक्रिय रहने पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आपत्ति भी दर्ज कराई थी। कुछ दिनों पहले दर्ज कराई गई आपत्ति में भाजपा की ओर से साफ कहा गया था कि प्रोटोकॉल तोड़ते हुए पूर्व जिलाधिकारी जिले में आकर चुनावी जमीन तैयार कर रहे हैं। हालांकि शासन की ओर से इसके बाद भी कोई एक्शन नहीं लिया गया।
यही नहीं, हाल ही में एक सर्वे रिपोर्ट वायरल किया गया। ग्रेनो वेस्ट में फ्लैट खरीदारों की रजिस्ट्री और मेट्रो लाने के लिए लोकसभा क्षेत्र के सबसे बेहतर संभावित उम्मीदवार से जुड़े सर्वे में दो हजार लोगों के वोट कराए गए। इसमें उक्त अधिकारी को सबसे ज्यादा वोट मिलने की बात वायरल की गई। वहीं इस बाबत पूर्व जिलाधिकारी बीएन सिंह ने कहा कि वह छुट्टी के दिन जिले में आकर बैठक करते हैं, जो कि किसी प्रकार से गलत नहीं है। लोकसभा चुनाव लड़ने के बाबत सक्रियता पर उन्होंने कुछ भी बोलने से साफ इन्कार कर दिया।