लखनऊ। नवरात्र से पहले ही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीमें सक्रिय हो गई हैं। दुबग्गा इलाके के गुप्ता गृह उद्योग में 35 किग्रा बेसन व चीनी के घोल में मरी हुई मक्खियां पाए जाने के कारण उसे नष्ट कराया गया। सहायक आयुक्त द्वितीय ने बताया कि नवरात्र एवं आगामी त्योहारों पर मिलावटी खाद्य सामग्री न बिके, इसके लिए शहर में अभियान चलाया जा रहा है। टीमों ने नवरात्र को देखते हुए विशेषकर कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, सूखे मेवे, मूंगफली, साबूदाना, रामदाना व अन्य फलाहार के सैंपल लिए हैं। अब तक कुल 34 सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।