नोएडा। कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस ने मंगलवार को सी ब्लॉक सब्जी मंडी के पास से एनसीआर में मोबाइल लूटने और वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के पांच बदमाशों गिरफ्तार किया। इनके पास से 15 मोबाइल व चोरी की दो बाइक बरामद की गई हैं।
बदमाशों की पहचान शाहदरा दिल्ली निवासी आकाश चौहान, सेक्टर-63 निवासी दिलशाद, साहिबाबाद निवासी रवि सिसौदिया, सेक्टर-63 निवासी सुशील मिश्रा उर्फ अतुल और सूरज जोशी के रूप में हुई है। आकाश व रवि सिसौदिया ने चार दिन पहले दिल्ली के ज्वाला नगर से पैशन बाइक चोरी की थी। आकाश ने अन्य साथियों के साथ नौ जुलाई को सेक्टर-63 में इसी बाइक से एक युवक से मोबाइल लूटा था।
वहीं, दिलशाद व सूरज जोशी ने कुछ दिन पहले गाजियाबाद से बाइक चुराई थी। चोरी की बाइक से आरोपी नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद व आसपास के इलाकों में मोबाइल लूटते थे। इसके बाद मोबाइल को गरीब व मजदूरों सस्ते दाम में बेच देते थे। नोएडा सेंट्रल जोन के एसीपी अब्दुल कादिर का कहना है कि आकाश पर दिल्ली, गाजियाबाद व नोएडा में 20, रवि सिसौदिसा पर चार और दिलशाद पर दो मुकदमे दर्ज हैं।