किराए पर कार देने के नाम पर ठगी करने वाले पांच गिरफ्तार
- ऑनलाइन विज्ञापन देकर महज 101 रुपये की सिक्योरिटी मनी पर किराए पर कार देने का देते थे झांसा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। फर्जी वेबसाइट बनाकर कार किराए पर देने के नाम पर साइबर जालसाजी करने वाले एक गिरोह का नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने खुलासा किया है। कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने इस गिरोह के पांच जालसाजों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ऑनलाइन वेबसाइट पर महज 101 रुपये सिक्योरिटी मनी लेकर कार किराए पर देने का झांसा देते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से एक लैपटॉप, पांच मोबाइल, एक टैब, तीन डेबिट कार्ड और 43 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई है।
नोएडा जोन के डीसीपी हरीश चंदर का कहना है कि कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने एक साइबर जालसाज गैंग को गिरफ्तार किया है। इन ठगों के फिशिंग वेबसाइट बना रखी थी। यहां किराए पर कार लेने वालों को रजिस्ट्रेशन व सिक्योरिटी मनी के ऑनलाइन पेमेंट का डमी लिंक दिया जाता था। इस लिंक पर क्रेडिट, डेबिट कार्ड की सभी जानकारियां ली जाती थी। आगे पेमेंट लिंक न होने से पेमेंट फेल दिखा दिया जाता था। इसके बाद ठग कंपनी से ग्राहक सेवा प्रतिनिधि बनकर फोन करते थे और मदद के लिए एक लिंक देते थे। जब इस लिंक पर क्लिक किया जाता था तो उनके खाते का एक्सेस मिल जाता था और इसके बाद खाते से पैसे निकाल लेते थे।
-
सेक्टर-78 में बना रखा था ठिकाना
गैंग ने अपना ठिकाना सेक्टर-78 आदित्य अर्बन कासा सोसायटी के एक फ्लैट में बनाया हुआ था। पुलिस ने यहां से हिसार निवासी सुनील नारंग, नजफगढ़ दिल्ली निवासी आकाश, आदमपुर हरियाणा निवासी आकाश वासन निवासी आदमपुर हरियाणा, ग्रेटर नोएडा निवासी समीर खान और जामिया नगर निवासी अरबाज अली को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह हर दिन ऑनलाइन विज्ञापन देखकर कार किराए पर लेने के इच्छुक 50 से अधिक लोगों का डेटा चुराते थे। गैंग के जाल में फंसे एक युवक ने इसकी साइबर हेल्पलाइन पर मंगलवार को शिकायत की थी। इसके बाद इस गैंग का खुलासा हुआ।