सेक्टर-9 स्थित हार्डवेयर दुकान में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग की लपटें और धुआं देखते ही कर्मचारी तेजी से बाहर निकलने लगे। हालांकि दुकान की तीसरी मंजिल पर एक कर्मचारी फंस गया। धुएं के कारण वह बेहोश हो गया। दमकल विभाग की टीम की उसे निकाकर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मौक पर पहुंची दकमल की छह गाड़ियों ने करीब 20 मिनट में आग पर काबू पा लिया। फिलहाल शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
शहर के सबसे बड़े हार्डवेयर व मोटर पार्ट्स मार्केट के रूप में प्रसिद्ध सेक्टर-नौ के बी-ब्लॉक स्थित मिलेनियम हार्डवेयर की दूसरी मंजिल पर शार्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। दुकान में रखे इलेक्ट्राॅनिक सामान तेजी से जलने लगे। देखते ही देखते आग दूसरे तल पर फैल गई।
इसकी सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। फेज एक फायर स्टेशन से तुरंत दमकल की छह गाड़ियों को सेक्टर-9 के लिए रवाना किया गया। इस दौरान तीसरी मंजिल पर मौजूद कर्मचारी बेहोश हो गया। दमकल विभाग की टीम ने उसे बेहोशी की हालत में निकाल कर सेक्टर-27 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि दूसरी मंजिल पर काफी इलेक्ट्राॅनिक उत्पाद रखे हुए थे। विभाग की टीम की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
खिड़की में लगी थी कांच, तीसरी मंजिल पर भरा धुंआ
मिलेनियम हार्डवेयर की इमारत में कांच लगी हुई है। कहीं भी वेंटीलेशन नहीं है। इसी वजह से दूसरी मंजिल पर लगी आग का धुआं तीसरी मंजिल पर भर गया था। और वहां मौजूद कर्मचारी बेहोश हो गया था। दमकल की टीम ने कांच को तोड़ कर आग बुझाया। इस घटना में दूसरी मंजिल पर रखे लाखों रुपये का सामान जल गया।