ग्रेनो वेस्ट की ला रेसिडेंशिया सोसायटी में शनिवार शाम एक निर्माणाधीन टावर के बेसमेंट में आग लग गई। बेसमेंट में पड़े कूड़े और प्लास्टिक के पाइपों में आग लगने से उठे धुएं ने पूरी सोसायटी को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते धुआं सोसाइटी के टावरों और आसपास के क्षेत्र में फैल गया। इससे सोसाइटी के निवासियों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम करीब चार बजे बिसरख थाना क्षेत्र स्थित ला रेसिडेंशिया सोसाइटी के एक निर्माणाधीन टावर के बेसमेंट में अचानक आग लग गई। बेसमेंट में निर्माण कार्य से संबंधित सामान के साथ कूड़ा और प्लास्टिक के पाइप पड़े हुए थे। आग ने इन सामानों को अपनी चपेट में ले लिया। प्लास्टिक के पाइप और कूड़ा जलने से काफी धुआं उठने लगा।
कुछ ही देर में धुआं पूरी सोसाइटी में फैल गया। इससे लोग घबरा गए और अपने फ्लैटों से बाहर निकलकर घटना की जानकारी लेने लगे। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम तीन फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंची।
दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का काम शुरू किया और कुछ ही देर में उस पर काबू पा लिया। आग निर्माणाधीन टावर के बेसमेंट तक ही सीमित रही। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया। कोतवाली प्रभारी रंजीत सिंह का कहना है कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।