पंप संचालक और टैंकर चालक पर प्राथमिकी दर्ज
दिल्ली से डीजल लाकर खपाने का मामला
ग्रेटर नोएडा संवाद। दिल्ली से डीजल लाकर अवैध तरीके से खपाने के मामले में पूर्ति निरीक्षक रजनी ने सेक्टर-142 थाने में दिल्ली के पंप संचालक और टैंकर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। बतादें कि सेक्टर-138 में बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने टैंकर में दिल्ली से डीजल लाकर गौतमबुद्ध नगर में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों को अवैध तरीके से सप्लाई करते दो लोगों को दबोचा था। पूर्ति निरीक्षक रजनी ने बताया कि बृहस्पतिवार को सूचना मिली थी कि सेक्टर-138 में अवैध तरीके से टैंकर से कूड़ा गाड़ियों में डीजल बेचने का काम हो रहा है। मौके से दिल्ली नंबर का एक टैंकर और उस पर तैनात दिल्ली उत्तम नगर के चालक राजेश मंडल को पकड़ा। उसने दिल्ली रोहिणी सेक्टर छह के रहने वाले आरके अमर शहीद पंप के मालिक संजीव बंसल से बात कराई। उन्होंने बताया कि वह एनसीआर में डीजल आपूर्ति करने के लिए अधिकृत हैं। उन्होंने एंटनी वेस्ट हैंडलिंग सेल लिमिटेड के लिए 200 लीटर डीजल आपूर्ति के लिए भेजा था लेकिन डीजल 2300 लीटर से ज्यादा था। वह एनसीआर में डीजल सप्लाई का प्रमाण-पत्र नहीं दिखा सके। टीम ने सेक्टर-133 के पंप पर टैंकर को खड़ा कराया और सैंपल जांच को भिजवाए।