दनकौर कोतवाली में ठगी की शिकायत करते निवेशक।
- फोटो : Grnoida
छह लोगों पर निवेशकों के 50 करोड़ रुपये ठगने का आरोप
दनकौर। दनकौर और जेवर क्षेत्र के करीब 20 निवेशकों ने छह लोगों पर कंपनी बनाकर 50 करोड़ रुपये ठगने का आरोप लगाया है। निवेशकों ने रविवार को कंपनी के निदेशकों के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। निवेशकों ने करवाई नहीं होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। दनकौर और जेवर निवासी मुन्नी देवी, हेमलता, उत्तम कुमार, अब्दुल रहमान, मनोज कुमार और गुलफाम ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि छह लोगों ने मिलकर 2010 से एक कंपनी बनाई हुई है। कंपनी का मुख्य कार्यालय मथुरा में और एक शाखा कार्यालय जेवर में खोला था। कंपनी संचालक लोगों को उनकी कंपनी में निवेश करने पर धनराशि दोगुना करने का लालच देकर झांसा देकर फांसते थे। सात साल तक कंपनी संचालक निवेशकों का रुपया लौटते रहे, लेकिन उसके बाद रुपये देने बंद कर दिए। साल 2017 में निवेशक कंपनी के मुख्य कार्यालय पर पहुंच गए, जहां पिछले दो साल से रुपये वापस करने का आश्वासन मिलता रहा। कोतवाली प्रभारी समरेश सिंह का कहना है कि पीड़ित निवेशकों ने 50 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। ब्यूरो