खेतों में जलाई पराली तो दर्ज होगी एफआईआर
ग्रेटर नोएडा। वायु प्रदूषण रोकने के लिए जिला प्रशासन ने किसानों को जागरूक करना शुरू कर दिया है। साथ ही उन्हें पराली नहीं जलाने की हिदायत दी जा रही है। नहीं मानने पर एफआईआर और जुर्माने की चेतावनी दी गई है। वहीं, वीडियो बनाकर सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक इसे पहुंचाया जा रहा है। सदर तहसील की राजस्व विभाग की टीम गांव-गांव जाकर जागरूक कर रही है। ग्रेटर नोएडा की आबोहवा खराब होने और प्रदूषण नियंत्रण के लिए शासन के आदेशों के पालन के लिए जिलाधिकारी सुहास एलवाई के निर्देश पर उपजिलाधिकारी सदर प्रसून द्विवेदी और तहसीलदार आलोक प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम मंगलवार को फजालपुर गांव पहुंची। टीम ने पराली नहीं जलाने को लेकर किसानों को जागरूक किया। पराली के दूसरे उपयोग के बारे में बताया गया। साथ ही आगाह भी किया कि अगर वह खेत में पराली जलाते पाए गए तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जुर्माना भी लगाया जाएगा।