ग्रेटर नोएडा। इकोटेक तीन कोतवाली पुलिस ने कुलेसरा गांव की बालाजीपुरम कॉलोनी के एक घर में लाखों रुपये की चोरी होने का मामला दर्ज किया है। घटना करीब एक माह पुरानी है। 12 मिनट के अंदर चोर घर से लाखों के जेवरात और अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मूलरूप से गाजीपुर निवासी पीड़ित मिथिलेश कुमार अपने परिवार के साथ कुलेसरा की बालाजीपुरम कॉलोनी में रहते हैं। उनका आरोप है कि 7 अगस्त को वो घर पर नहीं थे। दोपहर में उनकी पत्नी बच्चे को स्कूल से लेने गई थी। घर से स्कूल करीब 150 मीटर दूर है। करीब 12 मिनट में जब वो वापस घर लौटी तो घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर अलमारी का ताला भी टूटा मिला। गहने का बैग गायब था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।