रबूपुरा। गौड़ यमुना सिटी सोसाइटी में वकील और उसके साथियों के साथ मारपीट करने वाले चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार अधिवक्ता गौरव कुमार माथुर अपने साथियों करन, टिंकू और दीपांशु के साथ कार से यमुना सिटी के सेक्टर 19 स्थित गौड़ सिटी सोसाइटी में अपने फ्लैट पर जा रहे थे। सोसाइटी के पार्क व्यू क्षेत्र में रामपुर गांव निवासी दीपक, सौरभ, अंकित और एक अज्ञात व्यक्ति उनकी गाड़ी के सामने आ गए। गौरव ने जब उनसे इसका कारण पूछा तो आरोपी गली-गलौज करने लगे। इसके बाद उन्होंने लाठी-डंडों से मारपीट की। उन्होंने गौरव को बचाने आए उनके साथियों करन, टिंकू और दीपांशु से भी मारपीट की और उन्हें घायल कर दिया। जिसके बाद केस दर्ज किया गया है। अब पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।