नोएडा। नोएडा प्राधिकरण ने कूड़ा निस्तारण न करने और गंदा पानी नाली में बहाने पर दो रेस्तरां पर 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। कार्रवाई प्राधिकरण की टीम ने स्थल निरीक्षण में खामियां मिलने पर की। इसमें से एक रेस्तरां सेक्टर-12 का बारकोस मेलोडी हाउस व दूसरा सेक्टर-41 का रिबेल फूड है। सोमवार को ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह की अगुवाई में टीम ने सेक्टर-12 स्थित बारकोस मेलोडी हाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर काफी कमियां पाईं गईं। जनस्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि इस क्लाउड किचन में ईटीपी क्रियाशील नहीं पाया गया। बड़ा कूड़ा उत्पादक होने के बावजूद गीले कूड़े के निस्तारण की व्यवस्था व ग्रीन टैप नहीं मिला। रेस्तरां पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं सेक्टर-41 में रिबेल फूड के नाम से चल रहे रेस्तरां के निरीक्षण में भी कई खामियां सामने आईं। टीम ने 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाकर नोटिस थमाया। ब्यूरो