नोएडा। त्योहारों से पहले शहर की सफाई व्यवस्था की पोल प्राधिकरण के निरीक्षण में खुल गई। शहर में 312 स्थानों की जांच में 72 जगहों पर गंदगी मिली। इस पर प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश ने बुधवार को समीक्षा बैठक में नाराजगी जताई। उन्होंने सभी वरिष्ठ प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और 10 दिन में सफाई व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दिया। सीईओ ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने और सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली समीक्षा बैठक तक सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में बिजली, जलापूर्ति और सीवेज व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। ब्यूरो