शाॅर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, कोई हताहत नहीं
पड़ोस की फैक्टरी में बनी अस्थायी छत को चपेट में लिया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बवाना में सोमवार सुबह प्लास्टिक दाना बनाने वाली फैक्टरी में भीषण आग लग गई। फैक्टरी से आग की लपटें निकलती देख अफरातफरी मच गई। कर्मचारियों ने मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची दमकल की 13 गाड़ियों ने सवा तीन घंटे में आग पर काबू पा लिया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। आग ने पड़ोस की फैक्टरी के ऊपरी हिस्सा में बनी अस्थायी छत को अपनी चपेट में ले लिया। आशंका है कि शाॅर्ट सर्किट से आग लगी है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
सोमवार सुबह करीब पौने नौ बजे डीएसआईडीसी सेक्टर-एक, बवाना स्थित फैक्टरी में आग लग गई। उस समय फैक्टरी में कम कर्मचारी मौजूद थे। आग लगते ही फैक्टरी में मौजूद लोग सुरक्षित बाहर निकल गए और अन्य फैक्टरी के कर्मचारियों के साथ मिलकर आग बुझाने की कोशिश करने लगे लेकिन प्लास्टिक होने की वजह से आग तेजी से फैली। आग लगने की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। दमकल की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। जांच के दौरान पता चला कि आग फैक्टरी के भूतल से लेकर दूसरी मंजिल तक फैल गई है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने फैक्टरी के बाहर लगे ट्रांसफार्मर की बिजली कटवाई। फैक्टरी में रखे सिलिंडरों में भी धमाके हो रहे थे। आग की लपटें इतनी भीषण हो गई कि बराबर वाली फैक्टरी की ऊपरी मंजिल पर बनी अस्थायी छत को भी अपनी चपेट में ले लिया। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद सवा तीन घंटे में आग पर काबू पाया।