बरात की चढ़त में विवादित गाना बजाने को लेकर जमकर मारपीट
- दूल्हे के बग्गी पर बैठने का भी विरोध, पुलिस की मौजूदगी में पूरी हुईं शादी की रस्में
- बग्गी से उतारकर मारपीट करने का आरोप, जांच कर रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। गांव मकनपुर बांगर में बृहस्पतिवार रात जाति विशेष की बरात की चढ़त के दौरान विवादित गाना बजाने को लेकर मारपीट हो गई। जिससे अफरा तफरी मच गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया गया। पुलिस की मौजूदगी में शादी की सभी रस्म पूरी की गईं और शुक्रवार सुबह बरात को विदा किया गया। दुल्हन की मां का आरोप कि उनके दामाद को बग्गी पर बैठकर गांव में बारात चढ़त का भी विरोध किया गया।
मकनपुर बांगर में बृहस्पतिवार रात हरियाणा से बरात आई थी। बरात चढ़त के दौरान गाना बजाने को लेकर विवाद हो गया।शिकायतकर्ता सुनीता का कहना है कि जाति विशेष से संबंध होने के कारण उनके दामाद को दूसरी जाति के लोगों द्वारा बग्गी पर बैठकर बरात चढ़त का विरोध किया गया। गांव के ही लोगों ने दुल्हे को उतारकर बग्गी वालों को भगा दिया। पीड़ित परिवार के साथ मिलकर एक संगठन के लोग शुक्रवार सुबह दनकौर कोतवाली पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत की।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना के दौरान डर की वजह से काफी बराती रात के समय ही अपने घर वापस लौट गए। बरातियों द्वारा बजाए जा रहे विवादित गाने को बंद करा दिया गया। काफी देर तक गांव में तनाव का माहौल बना रहा। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि बरात में उनकी जाति को निशाना बनाते हुए विवादित गाने बजाए जा रहे थे। गानों का विरोध करने के कारण उन पर हमला किया गया। मामले में कोतवाली प्रभारी का कहना है कि विवादित गाने को लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए थे। मामूली कहासुनी हुई। पुलिस ने वहां पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाया। गांव में तनाव की स्थिति नहीं है।
प्रेमी युगल को लेकर पहले ही चल रहा विवाद
दनकौर में दो दिन पहले ही एक प्रेमी युगल के कोर्ट मेरिज करने से नाराज दोनों के परिजन ने युगल को गांव में प्रवेश न करने पर रोक लगा दी है। पुलिस ने प्रेमी युगल को फिलहाल किसी दूसरे स्थान पर भेज दिया है। प्रेमी युगल की ओर से पुलिस को शिकायत देकर कहा गया था कि यदि कोई घटना हुई तो उसके लिए उनके परिजन जिम्मेदार होंगे। इस मामले में भी दोनों पक्षों से पुलिस की बातचीत चल रही है।