ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र में सरकारी ड्यूटी पर जा रहे सीआरपीएफ के वाहन को एक तेज रफ्तार अज्ञात टाटा सफारी ने टक्कर मार दी। मामले में सीआरपीएफ के चालक की शिकायत पर पुलिस ने शनिवार को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर ग्रेटर नोएडा में तैनात चालक पाटिल वाल्मीकी ने बताया कि 25 जुलाई की दोपहर वह सरकारी बोलेरो से आधिकारिक कार्य के लिए ग्रुप सेंटर से यथार्थ अस्पताल बिसरख की ओर जा रहे थे। दादरी रोड स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार टाटा सफारी के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद सफारी चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। वहीं कोतवाली प्रभारी रंजीत कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।