रबूपुरा। कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति पर फर्जी मालिक बनकर जमीन का सौदा कर 5 लाख रुपये ठगने का आरोप है। महमदपुर गांव निवासी गौरव कुमार का आरोप है कि सुभाष निवासी धनौरा ककोड़ और जगदीश निवासी भदौरा खुर्जा ने गौरव के 12 लाख रुपये प्रति बीघा के हिसाब से 20 बीघा जमीन का सौदा कराया था। जमीन के असली मालिक तहसील गवाना अलीगढ़ निवासी संजय है।, लेकिन आरोप है कि थाना अरनिया क्षेत्र निवासी एक युवक ने खुद को जमीन का असली मालिक संजय बताकर उनके साथ जमीन का सौदा किया था। आरोपी ने संजय के नाम का आधार कार्ड भी उन्हें दिखाया गया था। इससे उन्हें युवक के जमीन का असली मालिक होने का विश्वास हो गया। आरोप है कि 15 नवंबर को उन्हें झाझर में सुभाष और जगदीश की मौजूदगी में आरोपी को पांच लाख रुपये दिए थे। उसके बाद जानकारी करने पर पता चला कि आरोपी युवक जमीन का असली मालिक नहीं है। आरोपी युवक का नाम तुषार है। पीड़ित ने मामले की शिकायत ककोड़ थाना पुलिस से की है। ब्यूरो