-छत के पास से जा रही थी 11 हजार वोल्ट की लाइन
- ग्रामीणों ने विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप
दनकौर (संवाद)। रीलखा गांव में छत पर टहल रही 11वीं की छात्रा 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। शुक्रवार को परिजनों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दनकौर कोतवाली पुलिस से शिकायत की है। गांव निवासी सविंदर कसाना ने बताया कि उनकी 17 वर्षीय बेटी वंशिका 11वीं कक्षा में पढ़ती है। बृहस्पतिवार शाम को वह परिवार के साथ घर की छत पर खाना खा रही थी। जिसके बाद वह छत पर टहलने लगी। इसी दौरान छत के नजदीक से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइन में अचानक चिंगारी निकली और धमाके के साथ करंट छत की रेलिंग में उतर गया। इसकी चपेट में आने से वंशिका गंभीर रूप से झुलस गई। उसके दोनों हाथों समेत शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं। परिजनों का आरोप है कि लाइन काफी समय से मकान की छत के बेहद नजदीक से गुजर रही है। इसे हटवाने के लिए कई बार यूपीपीसीएल के अधिकारियों से शिकायत की गई थी। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।