जहांगीरपुर (संवाद)। जेवर थाना क्षेत्र के जहांगीरपुर कस्बे के पुराने बाजार में बुधवार को दबंगों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने के कारण युवक घायल होकर मौके पर ही गिर गया और पूरे बाजार में भगदड़ मच गई। युवक को ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुहल्ला लिख्खी लाठा निवासी उमर का कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। वह बुधवार को कस्बे के बाजार में सामान खरीदने गया था। तभी कुछ बदमाश वहां पर आए और उसके ऊपर गोली चला दी। बताया जा रहा है कि गोली युवक के सीने में लगी है, जिससे वह लहुलूहान होकर गिर गया। युवक के गोली लगने की सूचना पर एसीपी जेवर राजीव सिसौदिया समेत थाने की फोर्स मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसीपी जेवर राजीव सिसौदिया ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है।