नोएडा। सेक्टर-63 थाना क्षेत्र में रविवार रात दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पार करते समय करीब 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दी। मृतक के पास से पहचान संबंधी कोई दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस उसकी पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक, रविवार रात सूचना मिली थी कि दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक व्यक्ति लहूलुहान हालत में पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार छिजारसी कट के पास एक व्यक्ति पैदल सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।