नोएडा। कोतवाली फेज वन पुलिस ने दो साल से लापता दिव्यांग किशोर को ढूंढ लिया और परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने 14 साल के किशोर को दिल्ली के डीएमआरसी आश्रम से सोमवार को ढूंढ लिया। वर्ष 2023 में फेज-वन थाने में बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। इस मामले में पुलिस पोस्टर छपवा कर विभिन्न थानों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और बाल आश्रमों में चिपकाए थे। इसी दौरान सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक बच्चा डीएमआरसी आश्रम दिल्ली में है। टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पुष्टि के बाद उसे बरामद कर लिया। पूछताछ में बच्चे ने बताया कि वो रास्ता भटक गया था और किसी अजनबी ने उसे आश्रम में दाखिल करा दिया था। बच्चा नेत्रहीन है। तब से वह वहीं रह रहा था।