नोएडा। कोतवाली फेज-2 क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल बाइक सवार युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। बुलंदशहर के बराल गांव निवासी यासीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई चांद दिल्ली में रहकर नौकरी करता था। 16 अक्तूबर की रात करीब 9 बजे वह बाइक से दिल्ली से अपने घर जा रहा था। सेक्टर-80 चौराहे के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में चांद गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे नजदीकी यथार्थ अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। यासीन का आरोप है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में हादसे की पूरी घटना कैद हुई है। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। ब्यूरो