नोएडा। सेक्टर-24 थाना क्षेत्र में चोरी की घटना को अंजाम देने के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लखनऊ निवासी आरती पाल (35) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को टीम ने गंदे नाले की पटरी से चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र के दरगाह रोड की रहने वाली है। आरोपी के कब्जे से करीब 16 ग्राम का सोने का हार, 10 और दो ग्राम के सोने के दो सिक्के और काले पत्थर लगी करीब पांच ग्राम की अंगूठी बरामद की गई है। इसके अलावा एक ट्रॉली बैग दो साड़ियां भी मिली हैं। थाना प्रभारी उमेश नैथानी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी महिला का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।