दनकौर। कोतवाली क्षेत्र स्थित यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में दिल्ली निवासी एक इंजीनियर की मौत के मामले में परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि घटना के करीब 16 दिन बाद भी पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। दिल्ली के बल्लीमारान निवासी विजय शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 28 वर्षीय बेटा अभिषेक शर्मा 21 अप्रैल को बाइक से घर से निकला था। जो इंजीनियर था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने गुमशुदगी की सूचना स्थानीय पुलिस को भी दी। बाद में दनकौर पुलिस ने जानकारी दी कि अभिषेक की यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में मौत हो गई है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद भी अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। परिवार का कहना है कि हादसे के समय अभिषेक ने हेलमेट पहन रखा था। कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।