ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ग्रेनो वेस्ट की इको विलेज-1 सोसाइटी में शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सोसाइटी के एफ टॉवर से अचानक प्लास्टर का बड़ा हिस्सा नीचे खड़ी एक कार पर गिर गया। घटना के समय कार में समर सिंह बैठे हुए थे। समर सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी कार एफ टॉवर के नीचे पार्क की थी। वह कार में बैठे ही थे कि अचानक ऊपर से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा उनकी कार पर आ गिरा। तेज आवाज के साथ हुए इस हादसे से वह घबरा गए। उन्होंने बताया कि अगर प्लास्टर सीधे उन पर गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद सोसाइटी के लोगों ने इमारत की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि टॉवरों से प्लास्टर गिरने की घटनाएं लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। निवासियों ने मांग की है कि सभी टॉवरों की जांच कराकर कमजोर हिस्सों की जल्द मरम्मत कराई जाए।