ग्रेटर नोएडा (संवाद)। ग्रेनो वेस्ट इको विलेज-1 सोसाइटी के निवासियों ने रविवार को कॉमन एरिया का मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाने के विरोध में प्रदर्शन किया। निवासी पिछले छह सप्ताह से लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। आरोप है कि 1 जून 2026 से शुल्क 2.36 प्रति वर्ग फुट से बढ़ाकर 3.25 प्रति वर्ग फुट कर दिया गया, लेकिन इससे पहले न तो वित्तीय विवरण साझा किया गया और न ही निवासियों की सहमति ली गई। निवासी संजय शर्मा ने बताया कि सोसाइटी की कई मूलभूत सुविधाएं अभी भी सही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि फैसिलिटी प्रबंधन को बिजली समेत अन्य स्रोतों से आय होती है, लेकिन उसका कोई पारदर्शी ब्योरा नहीं दिया गया। लोगों ने कहा कि उनकी शिकायत पर कोर्ट की तरफ से गठित एपेक्स कमिटी ने भी कॉमन एरिया मेंटेनेंस शुल्क वृद्धि पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे, इसके बावजूद बढ़ी हुई दर से शुल्क वसूला जा रहा है।