दादरी (संवाद)। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के कूड़ीखेड़ा रोड स्थित एक परचून और बांस-बल्लियों की दुकान पर बैठी महिला से नकदी और चेन लूटने का मामला सामने आया है। रजनी पाल परचून और बांस-बल्लियों की दुकान चलाती हैं। 24 मई की सुबह वह दुकान खोलकर ग्राहकों को सामान दे रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक दुकान पर पहुंचे। पहले उन्होंने दो सिगरेट खरीदीं और इसके बाद दुकान में रखी बांस-बल्लियों के दाम पूछने लगे। इसी बीच दुकान पर मौजूद अन्य ग्राहक वहां से चले गए। मौका पाकर बदमाशों ने दुकान के गल्ले में रखी नकदी और महिला की चेन लूट ली। बदमाशों के भागने के बाद महिला ने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता की तहरीर पर बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।