दादरी (संवाद)। समाजवादी पार्टी और छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने छात्र-युवाओं एवं आम जनता की समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन नीट पेपर लीक मामले, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों तथा नगर और क्षेत्र की बदहाल बिजली व्यवस्था के विरोध में आयोजित किया गया। धरने को संबोधित करते हुए सपा पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी और छात्र सभा के जिलाध्यक्ष मोहित नागर ने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि सपा पार्टी छात्रों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी। महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार जनता की समस्याओं की ओर ध्यान नहीं दे रही। नगर और क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती तथा खराब बिजली आपूर्ति को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। इस मौके पर इंद्र प्रधान, प्रशांत भाटी, कृष्ण रावल, प्रिंस भाटी, हारून सैफी, इमरान सैफी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।