दादरी। तहसील क्षेत्र के जारचा माजरे में किसान ब्रह्मपाल सिंह की जमीन का फर्जी तरीके से बैनामा कराने का मामला सामने आया है। पीडि़त खुर्शेद पुरा गांव में रहता है। आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने अपना फोटो लगाकर खुद को ब्रह्मपाल बताया। उसने 7 अक्तूबर 2021 को जमीन मोहित गर्ग, मनोज गर्ग और रेखा के नाम बेच दी। यह बैनामा सब रजिस्टर कार्यालय दादरी में धोखाधड़ी और कूट रचित दस्तावेज तैयार कर पंजीकृत कराया गया। पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें मोहित गर्ग, मनोज गर्ग, रेखा, तहसीन और महेंद्र शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।