ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थाना क्षेत्र में दो अज्ञात बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने एक युवक को कुछ सुंघाकर सोने की चेन और अंगूठी उतरवा ली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ओमेगा-1 स्थित ब्लैकगोल्ड अपार्टमेंट निवासी अजय कुमार अग्रवाल (25) 2 अक्तूबर को सब्जी लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान दो युवक उनके पास पहुंचे और गाजियाबाद जाने का रास्ता पूछने लगे। अजय जब उन्हें रास्ता बताने लगे, तभी आरोपियों ने उन्हें कुछ सुंघा दिया। पीड़ित का कहना है कि इसके बाद वह आरोपियों के कहने में आकर उनके साथ-साथ चल दिए। आगे अंधेरे में पहुंचकर बदमाशों ने उनसे गले की सोने की चेन और हाथ की सोने की अंगूठी उतरवा ली। घटना के बाद पीड़ित थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।