माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। युसुफपुर चक गांव के पास हिंडन नदी में नाव में रस्सी बांधने के दौरान डूबे एक युवक का शव सोमवार सुबह करीब 5 बजे घटना स्थल से करीब 12 किलोमीटर दूर कुलेसरा पुल के नीचे हिंडन नदी में पिलर से सटा हुआ मिला। युवक का शव पिलर से टकराने के बाद पानी में उफनाता मिला है। युवक की पहचान सौरव (20) निवासी गांव बिजलीपुर थाना खुर्जा बुलंदशहर के रूप में हुई है। युवक के शव को बिसरख कोतवाली पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। वहीं दूसरे युवक को तीन दिन भी पता नहीं चला। एनडीआरएफ के साथ एसडीआर की टीम ने करीब 15 किमी के दायरे में स्टीमर की मदद से दोनों युवकों को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका है। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह का कहना है कि सौरव का शव मिला है। युवक का शव घटना स्थल से काफी दूर मिला है।